Delhi Weather: पूर्वानुमान के उलट बरसे बादल, जनकपुरी में 72.5 मिमी बारिश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि लोग हैरान रह गए। मौसम विभाग ने दिन में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन दोपहर होते-होते कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश की तीव्रता को देखते हुए बाद में ऑरेंज अलर्ट जारी करना पड़ा। अप्रत्याशित वर्षा ने राजधानी के मौसम के बदलते मिजाज को एक बार फिर सामने ला दिया।

सोमवार सुबह तक मौसम पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था। पूर्वाहन करीब 11 बजे तक आसमान में बादलों की आंशिक आवाजाही बनी हुई थी और बीच-बीच में धूप भी निकल रही थी। इसके बाद कुछ ही मिनटों में मौसम ने करवट ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में बारिश इतनी तेज हुई कि कुछ ही समय में सड़कें पानी से भर गईं।

बारिश का सिलसिला रुक-रुककर देर शाम तक जारी रहा। हालांकि सबसे अधिक बारिश दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच दर्ज की गई। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जनकपुरी में सर्वाधिक 72.5 मिमी वर्षा हुई। आयानगर में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में 58.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 78 से 100 प्रतिशत के बीच रहा, जिसके कारण बारिश के बाद भी कई स्थानों पर उमस महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। बुधवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं और इसके साथ ही तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

राजधानी में हाल के वर्षों में मौसम के तेजी से बदलते स्वरूप को लेकर जलवायु परिवर्तन और वैश्विक मौसमी परिस्थितियों की भूमिका पर भी चर्चा बढ़ी है। अचानक तेज बारिश और पूर्वानुमान में बदलाव जैसी स्थितियां मौसम वैज्ञानिकों के लिए भी चुनौती बन रही हैं। फिलहाल दिल्लीवासियों को अगले कुछ दिनों तक बदलते मौसम के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें