वॉशिंगटन, अमेरिका।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ की हालिया रूस यात्रा को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। रैटक्लिफ बिना किसी पूर्व सार्वजनिक घोषणा के रूसी राजधानी मॉस्को पहुंचे थे। उनकी इस यात्रा के बाद सवाल उठने लगे कि आखिर CIA प्रमुख रूस क्यों गए और क्या उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात हुई।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रैटक्लिफ की मॉस्को यात्रा को ज्यादा अहमियत न देने की कोशिश की। ट्रंप ने बुधवार को इसे आमतौर पर होने वाली यानी ‘सेमी-रूटीन’ यात्रा बताया। उन्होंने संकेत दिया कि इस तरह के उच्चस्तरीय संपर्कों का उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों से भी जुड़ा हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, जॉन रैटक्लिफ मंगलवार को मैरीलैंड स्थित एंड्रयूज एयर फोर्स बेस से एक सरकारी परिवहन विमान के जरिए मॉस्को के लिए रवाना हुए थे। शुरुआत में व्हाइट हाउस, CIA, पेंटागन और अमेरिकी वायुसेना ने इस यात्रा पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था।
बाद में बुधवार को क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रैटक्लिफ की रूस यात्रा की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि CIA डायरेक्टर की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कोई मुलाकात हुई थी।
रैटक्लिफ की यात्रा ऐसे समय हुई है, जब रूस और अमेरिका के बीच कई मुद्दों पर तनाव बना हुआ है और यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत की संभावनाओं पर चर्चा चल रही है। ऐसे में CIA प्रमुख की अचानक मॉस्को यात्रा ने कूटनीतिक और खुफिया हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।
हालांकि, ट्रंप के बयान के बाद यह साफ करने की कोशिश की गई कि इस दौरे को किसी असाधारण घटनाक्रम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। फिर भी, इस यात्रा के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसे लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।









