गोरखपुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मां ने लगाया हत्या का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित जंगल सखनी गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी कृष्णा, पुत्र राम प्रसाद के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह चंद्रशेखर आजाद पब्लिक स्कूल के पास एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ देखा गया। शव को देखते ही आसपास के लोगों ने गुलरिहा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

कृष्णा गांव में ही एक मुर्गी फार्म पर काम करता था। वह दो भाइयों में छोटा बताया जा रहा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की मां ने गांव की ही एक युवती के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कृष्णा और युवती के बीच प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे। आरोप है कि युवती के परिवार के लोगों ने शादी का विरोध किया था और कृष्णा को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

मां ने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस प्रेम प्रसंग, आत्महत्या और हत्या समेत अन्य संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें