अनूपपुर में वेयरहाउस से 24 EVM गायब, मार्च में टूटी थी दीवार; सितंबर में सत्यापन के दौरान खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Anuppur, Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पुराने वेयरहाउस से 24 ईवीएम गायब मिलने का मामला सामने आया है। गायब मशीनों में आठ बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट शामिल हैं। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2014 में पंचायत चुनाव के लिए पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने वेयरहाउस में 620 कंट्रोल यूनिट और 1670 बैलेट यूनिट रखी गई थीं। ये मशीनें लंबे समय तक उसी परिसर में रखी रहीं।

16 मार्च को ईवीएम वेयरहाउस के पीछे की दीवार क्षतिग्रस्त मिली थी। दीवार टूटने के बाद भी उस समय वेयरहाउस में रखी ईवीएम की सुरक्षा और रिकॉर्ड का सत्यापन नहीं कराया गया। इसके बाद 21 सितंबर को मशीनों को पुराने तहसील परिसर से हटाकर पालिटेक्निक महाविद्यालय में संचालित तहसील कार्यालय के भूतल स्थित कक्ष क्रमांक-6 में रखा गया।

मशीनों को स्थानांतरित करने के बाद 24 से 28 सितंबर के बीच उनका भौतिक सत्यापन कराया गया। इसी दौरान रिकॉर्ड में दर्ज संख्या और मौके पर मौजूद मशीनों की संख्या में अंतर सामने आया। जांच में आठ बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट कम मिलीं।

मशीनों के गायब होने का पता चलने के बाद प्राथमिक विद्यालय सीतापुर के सहायक शिक्षक फूल सिंह, अनूपपुर तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह और सहायक शिक्षक संजय निगम ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में गायब ईवीएम के सीरियल नंबर भी दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वेयरहाउस से मशीनें कब और किन परिस्थितियों में गायब हुईं।

कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि ईवीएम मशीनों के नहीं मिलने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल रिकॉर्ड और मौके पर मिली मशीनों की संख्या में अंतर सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Comment

और पढ़ें