भारत की मध्यम तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए फरवरी महीने में आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया। वहीं, पाकिस्तान के प्रारंभिक बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को टी-20 विश्व कप में असाधारण प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर चुना गया है।

रेड्डी ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारत की 2-1 से जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सीरीज में 7.25 की इकोनॉमी दर से आठ विकेट लिए।

रेड्डी ने जताई खुशी

रेड्डी ने कहा कि आईसीसी महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना गर्व की बात है। यह इसलिए भी और खास है कि ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज जीतने में योगदान दे सकी। ऑस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर हराना आसान नहीं होता।

साहिबजादा ने नामीबिया और श्रीलंका के विरुद्ध टी-20 विश्व कप में शतक लगाया और एक ही टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने का विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने सात टी-20 मैचों में 383 रन बनाए थे।