भोपाल, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। राजगढ़, सीधी, डिंडौरी और बालाघाट में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है। नर्मदापुरम में पिछले 24 घंटों के दौरान 92.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
प्रदेश में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के झारखंड व उत्तरी ओडिशा क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है।
विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, दमोह, सागर, छतरपुर और पांढुर्णा में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।









