नई दिल्ली, दिल्ली
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) ने अपने मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO आशीषकुमार चौहान को टाटा संस के चेयरमैन पद से जोड़ने वाली मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है। NSE ने स्पष्ट किया है कि उसके पास चौहान को टाटा संस के अगले चेयरमैन के तौर पर चुने जाने या उनकी उम्मीदवारी से संबंधित कोई जानकारी नहीं है।
एक्सचेंज ने रविवार, 6 सितंबर को SEBI के लिस्टिंग ऑब्लिगेशन्स एंड डिस्क्लोज़र रिक्वायरमेंट्स (LODR) रेगुलेशंस के रेगुलेशन 30 के तहत नियामकीय फाइलिंग के जरिए यह जानकारी दी।
दरअसल, 5 सितंबर को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट में टाटा संस के उत्तराधिकारी को लेकर संभावित नामों की चर्चा की गई थी। रिपोर्ट में टाटा संस के चेयरमैन पद के लिए कई नामों के साथ आशीष चौहान को भी ‘डार्क हॉर्स’ यानी अप्रत्याशित दावेदार के तौर पर बताया गया था।
इसके बाद NSE की रेगुलेटरी और कंप्लायंस टीम ने चौहान से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा। जवाब में चौहान ने इन खबरों को अटकलबाजी और तथ्यों के लिहाज से गलत बताया।
चौहान ने NSE अधिकारियों को भेजे ईमेल में कहा कि वह फिलहाल NSE के MD और CEO के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से एक्सचेंज के आगामी IPO और उसकी लिस्टिंग प्रक्रिया को प्राथमिकता बताया।
चौहान ने कहा कि वह NSE की सफल लिस्टिंग और इससे जुड़े दूसरे लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बोर्ड और शेयरधारकों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
NSE ने भी अपने हितधारकों को सलाह दी है कि वे चौहान की कथित उम्मीदवारी से जुड़ी खबरों या बाजार में चल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। एक्सचेंज ने कहा कि वह SEBI LODR नियमों के तहत जरूरी नियामकीय खुलासे करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
NSE के लिए यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक्सचेंज अपने प्रस्तावित IPO की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में उसके शीर्ष अधिकारी को लेकर सामने आई खबरों पर स्थिति स्पष्ट करना जरूरी था। फिलहाल NSE की ओर से कहा गया है कि चौहान अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों और एक्सचेंज की प्रस्तावित लिस्टिंग पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।










