वॉशिंगटन, अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बीच ट्रुथ सोशल पर दो AI-जनरेटेड वीडियो साझा किए हैं। इनमें से एक फुटेज को ईरान के प्रमुख तेल केंद्र खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले के दृश्य के तौर पर पेश किया गया है। हालांकि, खर्ग द्वीप पर वास्तविक अमेरिकी हमले की कोई स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
साझा किए गए AI फुटेज में तेल भंडारण टैंक और एक तेल टैंकर में भीषण विस्फोट दिखाई देता है। इसके ऊपर एक लड़ाकू विमान उड़ता हुआ नजर आता है। वीडियो के साथ किए गए दावे में खर्ग द्वीप को भारी नुकसान पहुंचने की बात कही गई। ट्रंप इससे पहले भी युद्ध के दौरान इस रणनीतिक द्वीप पर कब्जा करने या इसे नष्ट करने की चेतावनी दे चुके हैं।
ट्रंप की पोस्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित लारक द्वीप पर ईरानी रॉकेट लॉन्चरों के खिलाफ हवाई कार्रवाई की थी। अमेरिकी पक्ष के अनुसार यह कार्रवाई सीमित और सटीक थी। वाशिंगटन का कहना है कि इसका उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की ओर से समुद्री बारूदी सुरंग बिछाने की गतिविधियों को रोकना था।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी दावा किया कि कार्रवाई ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की माइनलेइंग क्षमता के खिलाफ की गई। इससे पहले अमेरिका ने रणनीतिक जलमार्ग से विस्फोटक हटाने का अभियान पूरा करने की जानकारी दी थी।
ईरान ने किया जवाबी हमले का दावा
अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने जॉर्डन में मौजूद दो अमेरिकी सैन्य एयरबेसों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने का दावा किया। जॉर्डन की सेना ने आठ मिसाइलों को रोकने और नष्ट करने की जानकारी दी। ईरान ने बाद में संयुक्त अरब अमीरात के अल मिन्हाद एयर बेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य कर्मियों को निशाना बनाने का भी दावा किया।
खर्ग द्वीप क्यों महत्वपूर्ण है?
खर्ग द्वीप ईरान के तेल निर्यात का प्रमुख केंद्र है। युद्ध से पहले ईरान के कच्चे तेल निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा इसी द्वीप से संचालित होने की बात कही गई थी। यहां का गहरा समुद्री क्षेत्र बड़े तेल टैंकरों के लिए अनुकूल है।
ऐसे में खर्ग द्वीप पर वास्तविक हमला होने की स्थिति में ईरान के ऊर्जा कारोबार पर बड़ा असर पड़ सकता है। फिलहाल ट्रंप द्वारा साझा किया गया वीडियो AI-निर्मित है और इसे खर्ग द्वीप पर वास्तविक हमले का प्रमाण नहीं माना जा सकता।









