उत्तर प्रदेश में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसे, 16 की मौत और 28 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पिछले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं में डूबने, बिजली का करंट लगने और सड़क दुर्घटनाओं के कारण लोगों की जान गई। हादसों के बाद तीन लोगों के लापता होने की भी सूचना है।

गोंडा, फतेहपुर, प्रयागराज और बस्ती में नदी तथा तालाब में डूबने से 10 लोगों की मौत हुई। गोंडा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुमित, रामविलास और अभिषेक तिवारी की डूबने से जान चली गई। पांच युवकों को बचाने के लिए नदी में कूदे किसान तुलाराम शुक्ल भी डूब गए। उनका शव बुधवार सुबह बरामद किया गया।

फतेहपुर के खांभा तालाब में प्रतिमा विसर्जन के दौरान अभिमन्यु यादव, राजन साहू और आदित्य कुमार साहू की मौत हो गई। इस घटना में तीन लोग अभी भी लापता हैं। प्रयागराज में टोंस नदी में डूबने से राहुल पांडेय और उनके चाचा अमित कुमार पांडेय की मौत हो गई। वहीं, बस्ती में मनोरमा नदी में स्नान करते समय एक युवक की जान चली गई।

गोरखपुर के रजही चौराहे पर बिजली के तार की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। प्रतिमा लेकर जा रही ट्रॉली का ढांचा बिजली के तार से छू गया था। हादसे में कुल 12 लोग करंट की चपेट में आए, जिनमें नौ घायल हो गए।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज रोड पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में दो सिपाहियों और एक अवर अभियंता को निलंबित कर दिया, जबकि लाइनमैन की सेवा समाप्त कर दी गई।

इसके अलावा गोंडा-अयोध्या हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉला और ट्रक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। अयोध्या में विसर्जन से लौट रहे रामधनी निषाद की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से जान चली गई। रायबरेली में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार श्रद्धालु झुलस गए। भदोही के चौरी बाजार में विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखों से भरे झोले में विस्फोट होने से 15 लोग घायल हुए।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Comment

और पढ़ें