आरा, बिहार। भोजपुर जिले में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित चंदन सिंह और उसके साथी अभिषेक यादव को पश्चिम बंगाल के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वहीं, तीसरे आरोपित टीपू सिंह को आरा से पकड़ा गया है। पुलिस अब हत्या में शामिल तीन शूटरों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के अनुसार, रामकुमार सिंह की हत्या 15 अक्टूबर की सुबह आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में की गई थी। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक छापामारी की गई।
जांच में सामने आया कि चंदन सिंह और अभिषेक यादव सिलीगुड़ी तथा गंगटोक के होटलों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। पुलिस की दबिश बढ़ने पर दोनों पश्चिम बंगाल चले गए। इसके बाद पुलिस ने दमदम एयरपोर्ट पर अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पटना एसटीएफ की भी मदद ली गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद था। सिंगही गांव की जमीन पर रामकुमार सिंह का वर्ष 2006 से कब्जा बताया गया है। आरोप है कि चंदन सिंह ने करीब 20 दिन पहले अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। शुरुआती पूछताछ में शूटरों को सुपारी देकर बुलाने की जानकारी मिली है।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले चंदन सिंह ने अपने बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकाले थे। उसकी पत्नी चांदनी के खाते में भी रुपये स्थानांतरित किए गए थे। पुलिस इस लेनदेन की जांच कर रही है।
पुलिस ने चंदन सिंह के घर पर छापामारी के दौरान एक पिस्टल भी बरामद की है। हालांकि, इसका इस्तेमाल हत्या में हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। इस मामले में मनोज सिंह उर्फ लक्की पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब फरार शूटरों की तलाश में जुटी है।










