मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर ट्रंप ने जताई खुशी, सऊदी अरब, तुर्किए और पाकिस्तान को दी बधाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, दिल्ली

सऊदी अरब, तुर्किए और पाकिस्तान के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने इस समझौते को बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण पहला कदम बताया है। उन्होंने तीनों देशों के नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि इससे पश्चिम एशिया में एकजुटता और सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा मिल सकता है।

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के बीच इस समझौते पर सात अगस्त को मक्का में हस्ताक्षर किए गए थे। समझौते के तहत तीनों देशों ने आपसी रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। समझौते की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था यह है कि किसी एक सदस्य देश पर होने वाला हमला सभी सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने रविवार को अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर इस समझौते को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। ट्रंप ने कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि सऊदी अरब, तुर्किए और पाकिस्तान ने आखिरकार मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।

ट्रंप के मुताबिक, यह समझौता इस बात का संकेत है कि पश्चिम एशिया के देश अपनी सुरक्षा के लिए अधिक समन्वित तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित देश अपनी रक्षा क्षमता को अधिक प्रभावी तरीके से मजबूत कर सकेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने सऊदी अरब, तुर्किए और पाकिस्तान के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए इसे ‘बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण पहला कदम’ बताया।

समझौते पर सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयब एर्दोगन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हस्ताक्षर किए हैं। तीनों देशों के बीच यह समझौता रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत ने भी रखी अपनी स्थिति

इस समझौते को लेकर भारत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत समझौते के अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन कर रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 11 अगस्त को कहा था कि भारत अपने राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के साथ-साथ क्षेत्रीय स्थिरता और शांति के दृष्टिकोण से समझौते के प्रभावों की पड़ताल कर रहा है।

भारत ने साफ किया है कि अपने राष्ट्रीय हितों को पूरा करने और उनकी रक्षा करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें