गॉल, श्रीलंका
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका को 284 रन पर समेटने के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के बीच मैदान पर कई दिलचस्प पल भी देखने को मिले। इनमें ऋषभ पंत और सरफराज खान के बीच रवींद्र जडेजा को लेकर हुई बातचीत ने खासा ध्यान खींचा।
मुकाबले के तीसरे दिन बारिश ने एक बार फिर खेल में बाधा डाली। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने जब भी गेंदबाजी की, श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। मेजबान टीम ने 90 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। खास बात यह थी कि इस स्थिति तक जडेजा को गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला था।
इसी दौरान सब्स्टीट्यूट फील्डर के रूप में मैदान पर मौजूद सरफराज खान ने ऋषभ पंत से बातचीत की। सरफराज ने मजाकिया अंदाज में कहा, “लंबा गेम है जड्डू भाई, मिल-बांट कर खाएंगे।” इस पर पंत ने तुरंत जवाब दिया, “हां, उसके बाद सभी तलवार चलाएंगे।”
पंत का यह जवाब रवींद्र जडेजा के मशहूर सेलिब्रेशन से जुड़ा था। जडेजा जब टेस्ट क्रिकेट में अर्धशतक या शतक पूरा करते हैं, तो अक्सर बल्ले को तलवार की तरह घुमाकर जश्न मनाते हैं। इसी वजह से पंत ने ‘तलवार चलाने’ वाली बात कहकर जडेजा के अंदाज पर चुटकी ली।
श्रीलंका 284 रन पर ऑलआउट
मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 462 रन बनाए थे। भारतीय पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक लगाया। इसके अलावा केएल राहुल और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत के बड़े स्कोर के जवाब में श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई।
बारिश के कारण मुकाबले का समय प्रभावित हुआ, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका की पारी को 284 रन पर रोक दिया। इससे भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली।
भारत की ओर से मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने चार विकेट हासिल किए। रवींद्र जडेजा ने भी गेंद से प्रभाव डाला और तीन विकेट अपने नाम किए।
इस प्रदर्शन के बाद भारत ने मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं, पंत और सरफराज की जडेजा को लेकर हुई बातचीत ने सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींच लिया है।










