Bulandshahr News: अंकुर चौधरी हत्याकांड में 25 हजार का इनामी चेतन मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Bulandshahr, Uttar Pradesh

बुलंदशहर के खुर्जा में एलएलबी के अंतिम वर्ष के छात्र अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार रात पुलिस और स्वाट टीम की मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी चेतन घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि 20 अगस्त को बिजलीघर नंबर-4 के पास कार सवार कुछ लोगों ने मुरारी नगर निवासी अंकुर चौधरी पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया था। हमले में एलएलबी के अंतिम वर्ष का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका उपचार नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में अनिल शर्मा उर्फ पुन्ना की तहरीर पर सात नामजद और छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में फायरिंग का आरोप भी लगाया गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया था।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। इस मामले में लाखन, भूपेंद्र और निशांत को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि करन ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस जांच के दौरान चेतन का नाम भी सामने आया। इसके बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

रविवार रात कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम समसपुर चौकी क्षेत्र के गांव कमालपुर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे एक युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, युवक वाहन लेकर जंगल की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चेतन निवासी बगरई खुर्द बताया।

पुलिस के मुताबिक चेतन पर पहले से करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें