ईरान को लेकर अमेरिका की बड़ी चेतावनी, नागरिकों से कहा- तुरंत देश छोड़ें; सैन्य टकराव बढ़ने का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वॉशिंगटन, अमेरिका

पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान को लेकर अपने नागरिकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी प्रशासन ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा न करने की सख्त सलाह दी है। साथ ही ईरान में पहले से मौजूद अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे जल्द से जल्द देश छोड़ दें।

ईरान में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट में क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को जटिल बताया गया है। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि तनाव बढ़ने की स्थिति में उड़ानें रद्द हो सकती हैं, एयरस्पेस बंद किया जा सकता है और सीमा पार करने के नियमों में अचानक बदलाव हो सकता है।

अमेरिकी मिशन ने ईरान में मौजूद नागरिकों से एयरपोर्ट, एयरलाइंस और जमीनी सीमा चौकियों से जुड़ी जानकारी पर लगातार नजर रखने को कहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जिस देश में जाने की योजना बना रहे हैं, वहां प्रवेश के लिए जरूरी नियमों की पहले से जांच कर लें।

एडवाइजरी में ईरान समर्थित हूती समूहों का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिका ने कहा कि इन समूहों की ओर से सऊदी अरब में हमले किए गए हैं, जिनमें नागरिकों से जुड़े स्थान भी प्रभावित हुए हैं। अमेरिकी प्रशासन ने सैन्य टकराव के और तेजी से बढ़ने की आशंका जताई है।

अमेरिका ने अपने नागरिकों को यह भी चेतावनी दी है कि ईरान या उसके समर्थन वाले समूह विदेशों में अमेरिकी हितों, संस्थानों और व्यवसायों को निशाना बना सकते हैं। इसके मद्देनजर नागरिकों से प्रदर्शन, बड़ी भीड़ और भारी पुलिस तैनाती वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है।

अमेरिकी प्रशासन ने हवाई हमले की स्थिति में खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर रहने तथा मलबे से बचने की सलाह दी है। नागरिकों को आधिकारिक सुरक्षा अपडेट पर नजर रखने और आपात स्थिति में संपर्क आसान बनाने के लिए विदेश विभाग के STEP कार्यक्रम में पंजीकरण कराने को भी कहा गया है।

यह एडवाइजरी अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आई है। दोनों देशों के बीच किसी भी नए सैन्य घटनाक्रम से क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

KPN News
Author: KPN News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें