नई दिल्ली, दिल्ली
दिल्ली के संगम विहार इलाके में पति की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, 55 वर्षीय मुन्ना लाल की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी मंजू उर्फ नाजिया और उसके कथित प्रेमी चमन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चमन के दोस्त किशन को भी आरोपितों की मदद करने के आरोप में हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे संपत्ति पर कब्जे की साजिश सामने आई है। आरोप है कि मंजू ने चमन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। चमन को हत्या के लिए पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था और वारदात से पहले 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
पुलिस को सोमवार तड़के रतिया मार्ग पर एक व्यक्ति के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली थी। मुन्ना लाल को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी ने पुलिस को घर में चोरी होने की बात बताई थी।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति रात करीब 1:45 बजे घर में प्रवेश करता और करीब 3:15 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान चमन के रूप में की। इसके बाद मंजू की कॉल डिटेल खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात वाली रात चमन ने मंजू को 65 बार फोन किया था।
पूछताछ में पुलिस को हत्या की साजिश के बारे में जानकारी मिली। आरोप है कि चमन ने नींद की गोलियां लाकर दी थीं, जिन्हें मुन्ना लाल के खाने में मिलाया गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद उन पर हमला किया गया और रस्सी तथा करंट का इस्तेमाल कर हत्या की गई।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।










